तेज प्रताप यादव का कहना है कि जिन लोगों ने ‘मां’ शब्द का अपमान किया है, उन्हें तुरंत जेल भेजा जाना चाहिए ।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने आरजेडी की एक रैली से जुड़े वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है ।
रविवार को बीजेपी ने आरोप लगाया था कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान कुछ आरजेडी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के ख़िलाफ़ अपमानजनक टिप्पणी की थी ।
आरजेडी ने इस आरोप को ख़ारिज किया है । पार्टी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो ‘संपादित’ है ।
पत्रकारों ने जब इस मुद्दे पर तेज प्रताप यादव से सवाल किया तो उन्होंने कहा “जिन लोगों ने मां पर उंगली उठाई है, उनके ख़िलाफ़ सिर्फ़ एफ़आईआर ही नहीं होनी चाहिए । बल्कि उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए ।”
उन्होंने आगे कहा “हम बिहार सरकार और केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि जिन लोगों ने ‘मां’ शब्द का अपमान किया है, उन्हें तुरंत जेल भेजा जाए ।”
तेज प्रताप यादव ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे ।
