फतेहपुर । जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने जनपद के आकांक्षी विकास खंड हथगाम में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मिशन शक्ति के अवसर पर एआई आधारित मोबाइल अप्लीकेशन विकसित किया है ।
उक्त एप्लीकेशन में नवजात शिशुओं व बच्चों के टीकाकरण की निश्चित जानकारी मोबाइल संदेश (व्हाट्सएप) के माध्यम से उनके अभिभावकों को मिल पाएगी । आस पास होने वाले वीएचएनडी सत्र की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी ।
मिशन शक्ति के अवसर पर जनपद फतेहपुर के आकांक्षात्मक ब्लॉक हथगाम में बच्चों के टीकाकरण दर में सुधार लाने के लिए ए0आई0 आधारित स्मार्ट वैक्सीनेशन ट्रैकिंग सिस्टम को विकसित किया गया है । इसके माध्यम से नवजात शिशुओं के टीकाकरण स्टेट्स को रियल टाइम में अनुश्रवण किया जायेगा ।
इस एप्लिकेशन में एआई तकनीक का उपयोग करते हुए डाटा विश्लेषण की सुविधा है । जिससे सुगम तरीके से कम टीकाकरण दरों वाले क्षेत्रों एवं कारण को चिन्हित कर सुधार करना सरल हो जायेगा । इसके अतिरिक्त टीकों की मांग एवं आपूर्ति का प्रबन्धन भी करना आसान होगा । साथ में बच्चों की माताओं को टीकाकरण सत्र से पहले व्हाट्सएप पर स्वतः अनुस्मारक संदेश पहुँच जायेगा । इसमें ए0एन0एम0 के लिए एक मोबाइल ऐप भी विकसित की गई है । जिसमें ए0एन0एम0 को रियल टाइम में अद्यतन ड्यू लिस्ट उपलब्ध होगी । ओसीआर तकनीक का प्रयोग करके एएनएम सिर्फ एमसीपी कार्ड की फोटो अपलोड कर टीकाकरण स्टैटस को अपडेट कर सकती है ।
इन एप्लिकेशन को स्वास्थ्य विभाग, आम-जन, डबल्यू एच ओ जैसे समस्त हित धारकों से चर्चा कर नवजात शिशुओं में प्रथम वर्ष की आयु तक समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने हेतु बनाया गया है ।
