फतेहपुर । जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महर्षि विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर दीप प्रज्ज्वलित कर व माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । इसके पश्चात वहां उपस्थित छात्राओं को जागरूक किया एवं उन्हें महिला हेल्प लाइन व अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी तथा आगे कैसे वो अपना कैरियर बनाएं इस पर भी चर्चा की ।

उन्होंने कहा की मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है और हमें इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए एकजुट होने की आवश्यकता है । महिलाओं की सुरक्षा हमारे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और हमें उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए काम करना होगा । सामुदायिक भागीदारी इस प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है ।
सरकार ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए हैं । आइए हम सभी मिलकर मिशन शक्ति के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए एकजुट हों और अपने समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए काम करें ।
मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है । जैसे आज पुलिसिंग के क्षेत्र में प्रत्येक थाने पर महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है । जहां निश्चिंत होकर हमारी आधी आबादी अपनी बात रख सकती हैं । विभिन्न हेल्प लाइन नंबरों के सहयोग से अपनी समस्याओं को सक्षम फोरम तक पहुंचा सकती है एवं उनका त्वरित निराकरण संबंधित विभाग द्वारा किया जाता है ।
उन्होंने कहा की वर्तमान जिलाधिकारी के पूर्व जनपद में महिला जिलाधिकारी तैनात रही हैं और आज भी जनपद में कई महिला अधिकारी विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रही हैं और जनपद स्तर पर अपने विभाग का नेतृत्व कर रही हैं और अपने विभागीय योजनाओं का सफलता पूर्वक क्रियान्वयन करा रही हैं ।
उन्होंने विद्यालय की छात्राओं को मिशन शक्ति के कार्यक्रम में जागरुक किया और उन्हें भविष्य में कैसे सशक्त रूप में अपने को समयानुसार विभिन्न क्षेत्रों में रुचि के अनुरूप आगे बढ़ना है इसके बारे में बताया ।
प्रशिक्षु आईएस सुश्री नौशीन द्वारा विद्यालय के छात्राओं को मिशन शक्ति के इस कार्यक्रम के अवसर पर अपने विचार साझा किए गए ।
जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री रिशांत श्रीवास्तव ने महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी । महिला थाना प्रभारी श्रीमती संगीता यादव द्वारा महिला सशक्तिकरण के बारे में छात्राओं को जागरूक किया गया ।
जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी,प्रशिक्षु आईएस नौशीन व अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा विद्यालय की बच्चियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भारती त्रिपाठी,विद्यालय प्रशासन व अन्य संबंधित उपस्थित रहे ।
