कानपुर । सरसौल विकासखंड परिसर में युवा कल्याण अधिकारी निधि पांडे के द्वारा शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़ी ही धूमधाम से बनाई गई । मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर के दीप प्रज्वलन कर के कार्यक्रम की शुरुआत की । ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर ने कहा कि पूरे क्षेत्र में देश भक्ति और एकजुटता की भावना को और मजबूत किया ।
वही राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कानपुर के महाराजपुर थाना व नरवल कोतवाली में “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया इसका शुभारंभ एसएचओ संजय कुमार पांडेय व अखिलेश पाल ने किया । संजय पांडेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है । उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की 550 से अधिक रियासतों को एकीकृत कर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया था । “रन फॉर यूनिटी” उन्हीं के राष्ट्र निर्माण के अमूल्य योगदान को श्रद्धांजलि देने का प्रतीक है ।
दौड़ हाथीपुर स्थित एक्सिज कॉलेज के सामने से शुरू हुई । यह महाराजपुर कस्बे से होते हुए महाराजपुर थाने पर समाप्त हुई । इस दौड़ में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया ।
एसएचओ संजय पांडेय ने कहा कि “रन फॉर यूनिटी” केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामूहिकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है । यह कार्यक्रम ‘मैं’ और ‘मेरा परिवार’ से आगे बढ़कर समाज, शहर और राष्ट्र के लिए कार्य करने का संदेश देता है । जिससे एकता और अखंडता मजबूत होती है ।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई । जिसमें देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया गया । इसी क्रम में नरवल थाना प्रभारी अखिलेश पाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
अखिलेश पाल ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी प्रेरणा स्रोत हैं । इस दौड़ का उद्देश्य उनके योगदान को सम्मान देना था । जिसने पूरे क्षेत्र में देश भक्ति की भावना को मजबूत किया और युवाओं को एकजुटता का संदेश दिया ।
