कौशाम्बी । जनपद कौशाम्बी में भीषण शीतलहर को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनज़र जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है ।
आदेश के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए दिनांक 24.12.2025 एवं 26.12.2025 को अवकाश घोषित किया गया है ।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि घोषित अवकाश के दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहेंगे । इस अवधि में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं द्वारा हॉट कुक्ड फूड मील का संचालन नहीं किया जाएगा । लेकिन विभाग से संबंधित अन्य आवश्यक शासकीय कार्य पूर्ववत संपादित किए जाएंगे ।
अवकाश के दौरान कार्यकत्रियों द्वारा गृहभ्रमण,सामुदायिक गतिविधियां ,टीकाकरण से संबंधित कार्य, ड्राई राशन का वितरण तथा पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों की फीडिंग जैसे कार्य सुनिश्चित रूप से किए जाएंगे ।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए,ताकि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ-साथ विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित न हो । प्रशासन के इस निर्णय से ठंड के प्रकोप से बच्चों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है ।
