राहुल गांधी ने उन्नाव रेप मामले पर प्रतिक्रिया दी है ।
नई दिल्ली । उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए पूर्व बीजेपी नेता कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा को निलंबित करने के फ़ैसले को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘निराशाजनक’ और ‘शर्मनाक’ बताया है ।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “क्या एक गैंगरेप पीड़िता के साथ ऐसा व्यवहार उचित है ?”
दरअसल समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है जिसमें दिख रहा है कि दिल्ली पुलिस ने इस फ़ैसले का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को जबरन हटा दिया । जिसका कई लोगों ने विरोध किया है ।
इसी पर राहुल गांधी ने कहा, “क्या उसकी ‘ग़लती’ ये है कि वो न्याय के लिए अपनी आवाज़ उठाने की हिम्मत कर रही है ?”
उन्होंने कहा “उसके अपराधी (पूर्व बीजेपी विधायक) को ज़मानत मिलना बेहद निराशाजनक और शर्मनाक है- ख़ासकर तब, जब पीड़िता को बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा हो, और वो डर के साए में जी रही हो ।”
कांग्रेस सांसद ने कहा कि “बलात्कारियों को ज़मानत और पीड़िताओं के साथ अपराधियों सा व्यवहार- ये कैसा न्याय है ?”
उन्होंने कहा “पीड़िता को सम्मान, सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए- न कि बेबसी, भय और अन्याय ।”
