जहानाबाद/फतेहपुर । जिले में 80.41 करोड़ की लागत से बन रही कोड़ा पंप केनाल की परियोजना का शनिवार को जहानाबाद में रिंद नदी के तट पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हवन पूजन कर शिलान्यास किया ।
उन्होंने कहा कि जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र की सूखी पड़ी माइनर व रजबहों को वर्ष 2027 तक किसानों को फसल की सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलने लगेगा । कोड़ा पंप केनाल के अलावा जिले की चार परियोजनाओं के पूर्ण होने पर जल शक्ति मंत्री ने उनका लोकार्पण भी किया ।
जहानाबाद क्षेत्र के अमौली-सिजौली व बिजौली रजबहों से किसानों को तीन दशक से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है । प्रदेश के जल शक्ति मंत्री ने पंप केनाल परियोजना का लोकार्पण किया तो किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई ।
उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की वर्षों से चली जा रही सिंचाई की समस्या को ध्यान में रखते हुए परियोजना को स्वीकृति दी है । इससे 3166 हेक्टेयर खेती की सिंचाई होगी । 116 गांव के किसान लाभान्वित होंगे । वर्ष 2027 में योजना पूरी होगी । तब इसका लोकार्पण कराने वह मुख्यमंत्री को लेकर आएंगे ।
सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि यह क्षेत्र के किसानों के हित में बड़ा काम है । कार्यक्रम को विधायक राजेंद्र सिंह पटेल,जयकुमार जैकी,कृष्णा पासवान,भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने संबोधित किया ।
इस मौके पर प्रमुख रूप से पूर्व ब्लाक प्रमुख कुश वर्मा, सुतीक्षण सिंह,चेयरमैन सैय्यद आबिद हसन, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा, दीपक वर्मा, सत्यम अग्रवाल के अलावा मुख्य अभियंता आरके जैन ,अधीक्षण अभियंता केपी पांडेय, राकेश चौबे, अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सार्थक सिंह, अधिशासी अभियंता सुंदरलाल वर्मा,आनंद द्विवेदी, एडीएम, एएसपी, एसडीएम व सीओ भी मौके पर मौजूद रहीं ।
