जयपुर राजस्थान सहित देशभर में बस ऑपरेटरों के विभिन्न संगठनों ने शुक्रवार रात 12 बजे से एक दिन का सांकेतिक चक्काजाम करने का आह्वान किया है । बस ऑपरेटर एसोसिएशन राजस्थान और बस ऑपरेटर सोसायटी के नेतृत्व में यह चक्काजाम केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में किया जाएगा ।
ऑपरेटरों का कहना है कि हाल के दिनों में परिवहन विभाग की ओर से लागू किए गए नियम व्यावहारिक नहीं हैं और इससे बस संचालन में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं । चक्का जाम के दौरान नई बसों के निर्माण,टाइप अप्रुवल,बसबॉडी कोड,इमरजेंसी गेट,ओवरहेंग ,रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और लगेज कैरियर से जुड़े नियमों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा ।
बस ऑपरेटरों का आरोप है कि लगेज कैरियर को लेकर की जा रही सख्त कार्रवाई से अनावश्यक चालान और उत्पीड़न बढ़ गया है । जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है । संघ ने स्पष्ट किया है कि यह चक्काजाम सांकेतिक होगा । यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है ।
सरकार ने चलया था अभियान : गौरतलब है कि जैसलमेर व शाहपुरा में हुई बस में आगजनी की घटना के बाद परिवहन विभाग ने प्रदेशभर में लगेज हटाने, बॉडी कोड के अनुसार चेसिस में किए गए बदलावों को सही कराने को लेकर अभियान चलाया था । इस दौरान रोडवेज की सभी बसों से लगेज केरियर हटा दिए गए,लेकिन निजी बस संचालक नही हटा रहे । इसको लेकर कार्रवाई की जा रही है ।
