भोपाल । प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस वर्ष पांच हजार शिक्षकों के पद भरे जाएंगे । स्कूल शिक्षा विभाग ने तीन हजार प्राथमिक और दो हजार माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है । भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से आयोजित की जाएगी । विभाग द्वारा मंडल को प्रस्ताव भेजा जा रहा है । जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होगी ।
69 हजार शिक्षकों के पद खाली -: लोक शिक्षण संचालनालय (ईएसबी) की ओर से प्रदेश भर के स्कूलों से प्राप्त मांग के आधार पर यह भर्ती की जा रही है । इस साल मार्च से ही नए शिक्षण सत्र की शुरुआत होगी,जबकि मई में ग्रीष्म अवकाश रहेगा अवकाश समाप्त होने के बाद 15 जून से स्कूल खुलेंगे । इसके बाद जुलाई व अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी । फिर शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी । बता दें कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 69 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं ।
पात्रता के बाद चयन परीक्षा होगी : पात्रता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को चयन परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा । चयन परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर विभिन्न सरकारी स्कूलों में पद स्थापना की जाएगी । अधिकारियों का कहना है कि रिक्त पदों को शीघ्र भरने से स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी ।
18 फरवरी को करेंगे राजधानी में प्रदर्शन : पिछले वर्ष आयोजित प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा का परिणाम अब तक घोषित नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है । लंबे समय से परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे उम्मीदवारों ने 18 फरवरी को प्रदर्शन करने की घोषणा की है ।
उनका कहना है कि परिणाम जारी होने में हो रही देरी से उनकी तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर असर पड़ रहा है । अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है । इसके बावजूद पिछले साल केवल करीब 13 हजार पदों पर ही भर्ती निकाली गई है । इनमें माध्यमिक शिक्षक के लगभग 10 हजार और प्राथमिक शिक्षक के करीब तीन हजार पद शामिल हैं ।
इनका कहना है – प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है । खाली पदों की संख्या मंडल को भेज दिया गया है । जल्द ही आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
