बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवमई–सुजावलपुर मार्ग पर बीती शाम बुधवार को करीब 4:30 बजे एक बाइक की जोरदार टक्कर से सुजावलपुर गांव निवासी जाकिर अली उर्फ बल्लू (45 वर्ष) की घटना स्थल में ही मौत हो गई । घटना गांव के किनारे हुई, जिससे मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।
जानकारी के अनुसार जाकिर अली उर्फ बल्लू पेशे से पेंटर थे और काम के सिलसिले में देवमई जा रहे थे । इसी दौरान सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई । टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया ।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसा गांव के ही एक युवक की बाइक से हुआ और टक्कर मारने के बाद वह मौके से फरार हो गया । परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की ।
मृतक अपने पीछे पांच बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं । जिनमें एक बेटे की शादी हो चुकी है । घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।
