बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र के भैसौली गांव निवासी 25 वर्षीय मोहित पुत्र सुरेश कुमार साहू की सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई । घटना थाना बकेवर क्षेत्र के कांसाही गांव के पास लगभग 12 बजे हुई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक अनियंत्रित एक्सयूवी वाहन सड़क किनारे लगे विद्युत पोल के सपोर्टिंग तारों से टकरा गया । टक्कर के चलते 11 हजार वोल्ट की लाइन के दोनों पोल टूटकर सड़क पर गिर पड़े । उसी दौरान भैसौली की ओर पैदल आ रहे मोहित पोल की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए । घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई ।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही बकेवर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी बिन्दकी गौरव शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे । मुसाफा चौकी स्टाफ ने भी स्थिति को संभाला । भारी भीड़ के चलते कुछ घंटों तक मार्ग बाधित रहा ।
बताया जा रहा है कि जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई । वहां इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है यह सड़क बैठका से मुसाफा मोड़ होते हुए कर्बिगवा तक जाती है और आगे चलकर कानपुर नगर की सड़क से जुड़ती है ।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल और उनके सपोर्टिंग तार हादसे की बड़ी वजह बने । मृतक मोहित परिवार में सबसे बड़े थे । दो भाई और दो बहनों वाले परिवार में बहनों का विवाह हो चुका है । मोहित की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी । वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे । बताया गया कि वह होली के अवसर पर अपनी पत्नी को मायके छोड़कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया ।
