बिन्दकी/फतेहपुर । अलियाबाद गांव में विधायक जय कुमार सिंह जैकी की मौजूदगी में एडीएम ने मृतक बीएलओ की पत्नी को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर का नौकरी हेतु नियुक्त पत्र सौपा । इसके अलावा आर्थिक सहायता हेतु ₹500000 का चेक भी प्रदान किया गया । इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे ।
बताते चलें कि 12 दिन पहले कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के अलियाबाद गांव में बीएलओ का काम देख रहे शिक्षामित्र अखिलेश सविता ने गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी । 8 मार्च को उनकी पुत्री की शादी भी थी ।
परिजनों का आरोप था कि एसआईआर के काम के दबाव के कारण पुत्री की शादी की तैयारी के लिए अधिकारी छुट्टी नहीं दे रहे थे इसलिए बीएलओ ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर लिया था ।
इस घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक जयकुमार सिंह जैकी मृतक बीएलओ के परिजनों की मदद में लगातार लगे हुए है । 8 मार्च को मृतक की पुत्री की शादी थी शादी में भी विधायक के माध्यम से तथा उनके द्वारा अधिकारियों को कहने पर लगातार शादी हेतु मदद की गई । जिससे मृतक की पुत्री की शादी धूमधाम से हो गई । इतना ही नहीं विधायक जयकुमार सिंह जैकी एक दिन पहले गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास में मृतक के परिजनों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे और पूरी जानकारी दी और सहायता की मांग भी की । इसी के चलते मृतक बीएलओ की पत्नी को नौकरी और ₹500000 आर्थिक सहायता मिली ।
शुक्रवार की शाम लगभग 4 बजे बिंदकी क्षेत्र के विधायक जयकुमार सिंह जैकी फतेहपुर के एडीएम अविनाश त्रिपाठी,पीडी शेषमणि सिंह तथा खंड विकास अधिकारी कोमल सिंह तथा भारतीय जनता पार्टी के कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के साथ अलियाबाद गांव पहुंचे । मृतक बीएलओ की पत्नी मंजू देवी को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर की नौकरी हेतु नियुक्त पत्र सोपा गया । 17 मार्च को मंजू देवी की जॉइनिंग होगी । इसके अलावा आर्थिक सहायता हेतु ₹500000 की चेक भी प्रदान की गई ।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी तथा भाजपा नेता सुधीर त्रिपाठी भी मौजूद रहे। वही इस मामले में मृतक के भाई भूपेश सविता ने बताया कि मृतक भाई की पत्नी मंजू देवी की नौकरी का जॉइन लेटर दिया गया है ₹500000 की धनराशि का चेक दिया गया है । विधायक तथा अधिकारियों ने कहा है कि रुपया आते ही शेष 15 लाख रुपए भी दिया जाएगा ।
