फतेहपुर । थाना क्षेत्र के सिंधुतारा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है । जहां पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया । गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है ।
जानकारी के अनुसार दरियावपुर मजरे जरौली निवासी उर्मिला देवी पत्नी रामबाबू निषाद अपने मायके सिंधुतारा में रह रही थीं । घटना के समय उर्मिला देवी की मां खेत में गेहूं काटने गई थीं और उर्मिला देवी घर पर मौजूद थीं । इसी दौरान पति रामबाबू निषाद, जो बेटी प्रीती के ससुराल भगवंत नगर (उन्नाव) से लौटकर आया था । घर पहुंचा ।
घर पहुंचते ही उसने पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाना शुरू कर दिया । जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया । विवाद के दौरान शराब के नशे में धुत पति ने बांके से पत्नी के सिर पर तीन वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी ।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया ।
घायल महिला के भाई मिथलेश ने बताया कि जीजा ने बहन पर गलत आरोप लगाकर उसे मारपीट कर घायल कर दिया और मौके से भाग निकला। उन्होंने ही अपनी बहन को जुगाड़ वाहन (ईरिक्शा) से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया ।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया । उर्मिला देवी के तीन बच्चे हैं । प्रीती (20),रोहित (17)और शीलू (7) जिनका रो-रोकर हाल बेहाल है ।
वहीं थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि घायल महिला को जिला अस्पताल भेजा गया है । तहरीर मिलने पर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
