बकेवर/फतेहपुर । प्राथमिक विद्यालय कृपालपुर बिंधा में वार्षिकोत्सव एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया ।
सर्वप्रथम खंड शिक्षा अधिकारी ब्लॉक देवमयी द्वारा स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । कक्षा एक से पांच तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मैडल ,शील्ड एवं प्रमाण पत्र वितरण कर प्रोत्साहित किया गया । खंड शिक्षा अधिकारी ने 11 बच्चों को पुस्तक वितरण करके इस कार्य का शुभारंभ किया ।
प्राथमिक विद्यालय कृपालपुर बिंधा में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत रहे नवनीत कुमार मिश्रा, कंपोजिट विद्यालय रूसी में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत रहे उमेश शुक्ल एवं एसआरजी फतेहपुर रहे राजेश त्रिपाठी को सेवानिवृत्त होने पर,भावपूर्ण विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ब्लॉक देवमयी ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नही होती बल्कि यह नई शुरुआत है । जहां अनुभव की पूंजी, सम्मान की गरिमा और समाज के प्रति आपकी उपस्थिति सदैव बनी रहती है ।
उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजय मिश्र ने कहा कि यह अवसर केवल सेवानिवृत्ति का नही बल्कि समर्पण,तपस्या और ज्ञान की दीर्घ यात्रा के गौरवपूर्ण पड़ाव का एक उत्सव है ।
एसआरजी राधेश्याम ने कहा कि एक शिक्षक का जीवन सिर्फ नौकरी नही होता बल्कि वह पीढ़ियों के निर्माण का संकल्प और समाज के भविष्य को आकार देने का साधन होता है । इन्होंने बच्चों के भीतर ज्ञान का प्रकाश प्रज्वलित किया है और संस्कारों की सुदृढ़ नींव रखी है । सेवानिवृत्त शिक्षक उमेश शुक्ल एवं राजेश त्रिपाठी ने अपनी सेवाकाल के विभिन्न भावुक पलों को साझा किया । विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने अपने विचार प्रस्तुत किये ।
इस मौके पर मुख्य रूप से देवमयी ब्लॉक के एआरपी आलोक अग्निहोत्री ,राज कुमार मिश्रा एवं राधवेन्द्र सहित शिक्षक संगठन के जिलामंत्री मान सिंह यादव,आलोक द्विवेदी देवेंद्र अवस्थी,रमेश उत्तम ,शैलेन्द्र त्रिवेदी,अनुराग तिवारी,नीतीश त्रिपाठी,प्रदीप वर्मा,योगेंद्र सिंह (गोली),दयाराम गौतम,मुकेश यादव,पूनम अवस्थी,प्रेमलता, कल्पना गौतम सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे ।
अंत मे प्रधानाध्यापक विजय द्विवेदी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों-मयंक निगम,रजत सिंह,नवनीत,ऐशिता उत्तम ने कार्यक्रम में आये समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन ओमी पाण्डेय ने किया ।
