असोथर/फतेहपुर । थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम गुम हुए सात वर्षीय मासूम को पुलिस ने महज 30 मिनट के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया । पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है ।
जानकारी के अनुसार ग्राम सावला का डेरा,जरौली निवासी अभिषेक (7) पुत्र रामगोपाल के लापता होने की सूचना डायल 112 के माध्यम से रात करीब 8:51 बजे थाना असोथर पुलिस को मिली । परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालक का कोई सुराग नहीं लग सका था ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह व क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र ठाकुर के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की गई । पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन तलाश अभियान चलाया और महज 30 मिनट के भीतर ही बालक को सकुशल बरामद कर लिया । टीम में जरौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकुश यादव, हेड कांस्टेबल सुखवीर, कांस्टेबल सतेन्द्र व निर्भय कुमार सिंह शामिल रहे ।
बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया । वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है ।
