फतेहपुर । बेमौसम बारिश से जनपद के किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के चलते आज भारतीय किसान यूनियन (भूमिपुत्र) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सूबे के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उपजिलाधिकारी को सौंपा ।
ज्ञापन के माध्यम से किसान यूनियन ने अवगत कराया कि हाल ही में हुई । असमय वर्षा से गेहूं सहित अन्य रबी फसलों को व्यापक क्षति पहुंची है । जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है । किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उनकी आजीविका पर गहरा प्रभाव पड़ा है ।
यूनियन के प्रतिनिधियों ने मांग की कि प्रभावित किसानों का शीघ्र सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए तथा उन्हें उचित और तत्काल मुआवजा प्रदान किया जाए । साथ ही फसल बीमा योजना के अंतर्गत लंबित दावों का भी जल्द निस्तारण कराने की मांग उठाई गई । किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया,तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा ।
इस अवसर पर यूनियन के कई पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे जिन्होंने एक स्वर में सरकार से किसानों के हित में त्वरित कार्रवाई की मांग की ।
जिला अध्यक्ष पवन द्विवेदी,युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रेम सागर मिश्र ,धनंजय पटेल,कल्लू,अखिल,लालता प्रसाद दुबे , शहंशाह, अब्दुल नादिर, राजाराम, समसुल अली, राम किशोर आदि लोग उपस्थित रहे ।
