तेजस्वी यादव ने बिहार में बनने वाली नई सरकार पर भी टिप्पणी की है (फ़ाइल फ़ोटो) ।
बिहार । नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है । उनके इस्तीफ़े पर बिहार के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘अब बिहार, गुजरात से चलेगा’।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार इस्तीफ़ा देकर बीजेपी को बिहार में स्थापित कर रहे हैं ।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा “वो इस्तीफ़ा देकर महात्मा गांधी के हत्यारों की विचारधारा वाली पार्टी को स्थापित कर रहे हैं । मुख्यमंत्री जी (नीतीश कुमार) तो बापू का नाम लेते थे लेकिन अब उन्होंने बीजेपी को मौक़ा दे दिया है । जो लोग कर्पूरी जी को गाली देते थे उनको स्थापित कर रहे हैं ।”
तेजस्वी यादव ने राज्य की नई सरकार पर भी टिप्पणी की है ।
उन्होंने कहा “अब कोई भी सरकार हो, वो जनता की चुनी हुई नहीं है । कोई भी मुख्यमंत्री बनेगा, वह जनता का चुना हुआ नहीं है ।”
साथ ही उन्होंने सम्राट चौधरी पर भी टिप्पणी की है । उनसे पूछा गया कि’सम्राट चौधरी का नाम अगले मुख्यमंत्री के तौर पर आ रहा है ?’
इस पर तेजस्वी यादव ने कहा “जो भी हैं, वह लालू जी की पाठशाला के ही तो हैं । बीजेपी को भी अब लालू जी की विचारधारा के इर्द-गिर्द ही राजनीति करनी पड़ रही है । ये बात सब लोग जानते हैं । पहली बार लालू जी ने ही मंत्री, विधायक बनाया । उन्हीं की पाठशाला के हैं ये लोग ।”
अंत में उन्होंने कहा “अब जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, बिहार गुजरात से चलेगा ।”
