राहुल गांधी के बयान को सदन की कार्यवाही से हटाने की भी मांग हुई ।
नई दिल्ली । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘मैजिशियन’ यानी ‘जादूगर’ कहा । इसके बाद सत्ता पक्ष ने उनके इस बयान का कड़ा विरोध किया और माफ़ी की मांग की ।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान कहा “सर सच्चाई ये है कि जादूगर पकड़ा गया है । बालाकोट का जादूगर, नोटबंदी का जादूगर, (ऑपरेशन) सिंदूर का जादूगर अचानक से पकड़ा गया,,,,, क्योंकि…”
इसके आगे राहुल गांधी कुछ बोलते कि लोकसभा में हंगामा हो गया । सत्ता पक्ष ने उनके बयानों का कड़ा विरोध किया ।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बीच में खड़े होकर कहा, “बार-बार हमने राहुल गांधी जी से अनुरोध किया कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते आप बोलिए मगर नियम से बोलिए । ये इस देश के 140 करोड़ लोगों के चुने हुए प्रधानमंत्री को अनाप-शनाप बोलकर क्या साबित करना चाहते हैं ?”
उन्होंने कहा “हम लोग उम्मीद करते हैं कि राहुल गांधी मेच्योर हो गए हैं । अफ़सोस की बात है कि नेता प्रतिपक्ष क्या भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं ।”
इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खड़े होकर राहुल गांधी के बयान का कड़ा विरोध किया ।
राजनाथ सिंह ने कहा “इस देश के प्रधानमंत्री के संबंध में जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग नेता प्रतिपक्ष के द्वारा किया जा रहा है,मैं समझता हूं कि ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है । इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है ।”
उन्होंने कहा “इस देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है … ये बार-बार मैजिशियन कहकर किसी व्यक्ति का अपमान नहीं कर रहे हैं, ये देश की जनता का अपमान कर रहे हैं ।”
“मैं अनुरोध करता हूं कि जिन शब्दों का इन्होंने इस्तेमाल किया उन्हें सदन की कार्यवाही से बाहर निकाला जाना चाहिए और राहुल गांधी को देशवासियों से क्षमा मांगनी चाहिए ।”
