बिजनौर । थाना शेरकोट पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है । पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को मोहल्ला नौधना,कस्बा व थाना शेरकोट निवासी सलीम अहमद पुत्र मौ० यूनुस द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि ग्राम बेगराजपुर निवासी असलम तांत्रिक,मूसा तांत्रिक तथा सरताज द्वारा तंत्र विद्या के नाम पर ब्लैक मेल करते हुए उससे और उसके परिजनों से धोखाधड़ी कर ₹5,20 ,000 रुपये ले लिए गए । इस आधार पर थाना शेरकोट पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया ।
कार्यवाही के दौरान थाना शेरकोट पुलिस ने वांछित आरोपी असलम पुत्र रफीक निवासी ग्राम बेगराजपुर, थाना नहटौर को गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं को तांत्रिक बताकर कई वर्षों से लोगों को ताबीज व झाड़-फूंक के माध्यम से उपचार का झांसा देकर उनसे धन वसूल करता था ।
उसने यह भी बताया कि उसने वादी पक्ष से संपर्क कर डर व अंधविश्वास का माहौल बनाकर उनसे लगातार पैसे लिए । जब पैसे मिलना कम हुआ तो परिवार को तंत्र विद्या से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और इलाज के नाम पर महंगे प्लॉट की मांग की ।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर इस प्रकार लोगों को धोखे में रखकर धन अर्जित किया जाता था और उसी से निजी खर्च व संपत्ति का निर्माण किया गया । आरोपी के कब्जे से तांत्रिक क्रियाओं से संबंधित विभिन्न सामान व ₹4000 नकद बरामद किए गए हैं । मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है ।
