बिजनौर । थाना साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और ₹99,320 नगद बरामद किए हैं ।
पुलिस के अनुसार ग्राम दिनारा थाना दिनारा जनपद रोहतास (बिहार) निवासी चन्दन कुमार, जो वर्तमान में नगीना रोड स्थित आरसी पुरम कॉलोनी में रह रहे हैं । जिसने शिकायत दी थी कि 1 फरवरी 2026 को उन्हें “F5 Indian Stock Market Investors Discussion” नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप एडमिन जतिन शर्मा द्वारा ट्रेडिंग के नाम पर निवेश के लिए प्रेरित किया गया और अधिक लाभ का लालच देकर “Wealth Alliance Internship Group” में जोड़कर FARLEY LLC नामक ऐप डाउनलोड कराई गई ।
इसके बाद माइकल कॉलिन्स नामक व्यक्ति के माध्यम से उन्हें विभिन्न बैंक खातों में धनराशि जमा करने के निर्देश दिए गए । इस तरह 24 फरवरी से 17 मार्च 2026 के बीच कुल 06 बैंक खातों में ₹32,53,000 जमा कराकर ठगी की गई ।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम पर मु0अ0सं0 09/2026 धारा 318(4) बीएनएस व 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया । विवेचना के दौरान सीबू हसन पुत्र नबी हसन निवासी ग्राम पनुआ थाना नवाबगंज जनपद बरेली तथा मौ० आरिफ पुत्र नबीजान निवासी ग्राम अलीनगर थाना भोजूपुरा जनपद बरेली के नाम प्रकाश में आए ।
पुलिस टीम द्वारा 24 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया । पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनकी पहचान राघव निवासी जनपद लखीमपुर खीरी से हुई थी । जिसने उन्हें अपने व अन्य खातों की व्यवस्था करने को कहा जिनमें ठगी की धनराशि ट्रांसफर कराई जाती थी । आरोपी उन खातों से रकम निकालकर उसे देते थे और बदले में कमीशन लेते थे ।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें जानकारी थी कि यह धनराशि साइबर ठगी से संबंधित है,इसके बावजूद लालच में आकर इस कार्य में शामिल हुए ।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन व ₹99,320 नकद बरामद किए गए हैं । मामले में आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है ।
