पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में भारत का यह सातवां एफ़टीए है ।
भारत और न्यूज़ीलैंड ने सोमवार को फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफ़टीए) पर हस्ताक्षर किए ।
नई दिल्ली । भारत की ओर से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूज़ीलैंड की ओर से व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने दोनों देशों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए ।
इस दौरान पीयूष गोयल ने कहा “भारत-न्यूज़ीलैंड एफ़टीए सिर्फ़ 9 महीनों के रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ । यह रफ़्तार हमारे देशों के बीच भरोसे की गहराई और साझा महत्वाकांक्षा को दिखाती है ।”
उन्होंने कहा “पिछले साढ़े तीन सालों में यह सातवां एफ़टीए है जिस पर मैं हस्ताक्षर कर रहा हूं,जबकि दो और बाक़ी हैं । आने वाले कुछ महीनों में यह यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ होगा ।”
इस समझौते के बाद न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्ज़न ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसे भारत और न्यूज़ीलैंड के रिश्तों में एक ‘ऐतिहासिक पड़ाव’ बताया ।
न्यूज़ीलैंड के पीएम ने एक्स पर लिखा “न्यूज़ीलैंड के लिए यह एफ़टीए दुनिया के सबसे सक्रिय बाज़ारों में से एकका दरवाज़ा खोलता है और व्यापार,निवेश,इनोवेशन और जुड़ाव के अभूत पूर्व अवसर पैदा करता है यह समझौता न्यूज़ीलैंड के निर्यात बाज़ारों में विविधता लाने में मदद करेगा ।”
उन्होंने कहा “भारत के लिए यह समझौता विकास, इनोवेशन और नए अवसर लेकर आता है। इससे भारतीय निर्यातकों को पहले ही दिन से न्यूज़ीलैंड के बाज़ार में बिना किसी टैरिफ़ के पहुंच मिलेगी और भारतीय उपभोक्ताओं को हमारे उच्च गुणवत्ता वाले निर्यात उत्पादों तक बेहतर पहुंच मिलेगी ।”
