उत्तर 24-परगना ज़िले के जगद्दल में टीएमसी-बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद भारी पुलिस और केंद्रीय बल तैनात है ।
पश्चिम बंगाल । राज्य में दूसरे चरण के मतदान से दो दिन पहले तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच हिंसक झड़प की घटना में पुलिस ने टीएमसी के एक पार्षद गोपाल राउत समेत चार लोगों को गिरफ़्तार किया है ।
यह घटना उत्तर 24-परगना ज़िले के जगद्दल इलाक़े की है । सोमवार को इसी इलाक़े में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक रैली को संबोधित करना है । पुलिस की ओर से जारी एक बयान में इस घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि बाक़ी अभियुक्तों की गिरफ़्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है ।
चुनाव आयोग ने इस घटना पर पुलिस से रिपोर्ट मांगी है और दोषियों की शीघ्र गिरफ़्तारी का निर्देश दिया है ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार को इलाक़े में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा से पहले रविवार देर रात दोनों दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए । इसकी सूचना मिलते ही केंद्रीय बल के जवान मौक़े पर पहुंच गए ।
इस घटना की शिकायत करने नोआपाड़ा के बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार बैरकपुर के पूर्व सांसद के साथ जगद्दल थाने पहुंचे ।
बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया और पत्थर फेंके ।
वहीं बीजेपी उम्मीदवार राजेश कुमार ने पत्रकारों से कहा “थाना परिसर में ही हमारे ऊपर हमला किया गया । इसके लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भड़काऊ भाषण ही ज़िम्मेदार हैं ।”
दूसरी ओर,भाटपाड़ा सीट के तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अमित गुप्त ने पत्रकारों से बातचीत में बीजेपी समर्थकों पर पार्टी के एक कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप लगाया ।
चश्मदीदों का कहना है कि रविवार रात को क़रीब 11 बजे दोनों दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए । इस दौरान केंद्रीय बल का एक जवान भी घायल हो गया ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक़ दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पथराव किया इस दौरान बम फोड़े गए और फ़ायरिंग भी हुई हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा । लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है । फ़िलहाल इलाक़े में भारी तादाद में पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान तैनात हैं ।
