बीते दिनों स्वाति मालीवाल समेत आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी संसदीय दल में शामिल हुए थे ।
नई दिल्ली । राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा मौजूद रहे ।
स्वाति मालीवाल समेत आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी संसदीय दल में शामिल हुए थे । इन सभी सांसदों ने राघव चड्डा की अगुवाई में आम आदमी पार्टी से बग़ावत की है ।
स्वाति मालीवाल ने बीजेपी जॉइन करने के बाद कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी और गृहमंत्री अमित शाह के ‘ऐतिहासिक’ कामों से बहुत ज़्यादा प्रभावित हैं ।
उन्होंने कहा “इनसे प्रेरणा लेकर मैं आज बीजेपी में शामिल हुई हूं । मैं बीजेपी में किसी मजबूरी की वजह से नहीं आई । मैं बीजेपी के कामों में बहुत सालों से दिलचस्पी रख रही हूं ।”
उन्होंने कहा कि जब वह दिल्ली महिला आयोग का काम कर रही थीं । उस वक़्त बीजेपी की तरफ़ से भी काफ़ी सपोर्ट था ।
स्वाति मालीवाल ने कहा “मैं आज बहुत भावुक हूं यह दिन मेरे लिए बहुत अहम है ।”
इसके अलावा उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने सरकार में रहते हुए दिल्ली में ‘लूट मचाई’ और इस दौरान ‘सड़कें, पानी और मूल व्यवस्थाएं बदहाल’ थीं ।
स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा है । बीते दिनों अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति से जुड़े मामले में कहा कि वह या उनके वकील दिल्ली हाई कोर्ट की जज जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में पेश नहीं होंगे ।
उनके अलावा मनीष सिसोदिया ने भी कहा है कि वह और उनके वकील भी जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में पेश नहीं होंगे ।
केजरीवाल इस केस से जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को हटाने की मांग कर रहे हैं । इसके लिए उन्होंने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र भी लिखा है ।
केजरीवाल की इस मांग पर मालीवाल ने कहा “अरविंद केजरीवाल को ड्रामा करने की आदत है । ये बहुत समय से उनकी आदत है ।
आज हालत ये हो गई है कि अरविंद केजरीवाल जी के चलते आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल,दोनों ही देशभर में ड्रामा, झूठ, फ़रेब, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार… इन सब के लिए जाने जा रहे हैं ।”
