15 मंज़िला इमारत के 9वें फ़्लोर पर लगी आग ।
उत्तर प्रदेश । गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम की ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लग गई । आग बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे लगी, जिससे कई फ्लैट जल गए । यह आग 15 मंज़िला इमारत के 9वें फ़्लोर पर लगी जो बाद में फैल गई और ऊपर के कुछ फ़्लोर को अपनी चपेट में ले लिया ।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए यहां के निवासी रोहित ने बताया “करीब 10-12 फ्लैट आग में जल गए हैं । शायद बिजली की कोई समस्या रही होगी. मुझे पूरी जानकारी नहीं है ।”
यहां रहने वाली मीरा ने बताया “आग 9वीं मंज़िल से 13वीं मंज़िल तक फैल गई है । सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी और अब तक बुझी नहीं है, यह सबसे ऊपर की मंज़िल तक पहुंच गई है ।”
उन्होंने कहा “9वीं मंज़िल पर पेंट का काम चल रहा था । वहीं शॉर्ट सर्किट हुआ और एसी में धमाका हुआ । मुझे नहीं पता कि कोई घायल हुआ है या नहीं ।”



