अमेरिका । देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता उनके मौजूदा कार्यकाल में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है ।
यह बात ब्रिटिश अख़बार द गार्जियन में छपे रॉयटर्स-इप्सोस के नए सर्वे में सामने आई है । अमेरिकियों की नाराज़गी की प्रमुख वजह है । बढ़ती महंगाई पर ट्रंप क़ाबू नहीं पा सके । इसके अलावा, ईरान के ख़िलाफ़ उनकी जंग लोगों को पसंद नहीं आ रही । इस युद्ध से अमेरिका में पेट्रोल की क़ीमतें बढ़ गई हैं ।
चार दिन चले सर्वे में सिर्फ़ 34 प्रतिशत अमेरिकियों ने ट्रंप के कामकाज को सही बताया,जबकि 15 से 20 अप्रैल के बीच हुए पिछले सर्वे में यह आंकड़ा 36 प्रतिशत था ।
महंगाई से जुड़े कामकाज पर ट्रंप को सिर्फ़ 22 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला,जबकि पिछले सर्वे में यह 25 प्रतिशत था ।
रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों में भी चिंता बढ़ रही है कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों में वे अमेरिकी संसद कांग्रेस में कमज़ोर पड़ सकते हैं ।
हालांकि रिपब्लिकन पार्टी के 78 प्रतिशत लोग अब भी ट्रंप का समर्थन करते हैं लेकिन 41 प्रतिशत पार्टी सदस्य महंगाई से निपटने में उनके कामकाज से असंतुष्ट हैं ।
