फतेहपुर । फतेहपुर सर्राफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुलदीप उर्फ पप्पन रस्तोगी के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आभूषण व्यवसाय में गिरवी (प्लेज) से जुड़े विवादों में विधिक स्पष्टता और पुलिस कार्रवाई के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की ।
ज्ञापन में बताया गया कि सोना-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते वर्षों पुराने और निष्क्रिय पड़े गिरवी लेनदेन अब दोबारा विवादित किए जा रहे हैं । इससे व्यापारियों को अनावश्यक कानूनी, आर्थिक और प्रतिष्ठागत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।
कई मामलों में 10 से 30 साल पुराने लेनदेन बिना पर्याप्त साक्ष्यों के उठाए जा रहे हैं । जो प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होते हैं ।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस बिना प्रारंभिक जांच और अभिलेखों का परीक्षण किए सीधे एफआईआर दर्ज कर लेती है या दबावपूर्ण कार्रवाई करती है । इतना ही नहीं,बिना पूर्व सूचना के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर असभ्य व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं । जिससे व्यापारिक माहौल प्रभावित हो रहा है ।
ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया कि गिरवी, ऋण, ब्याज और हिसाब-किताब से जुड़े अधिकांश मामले स्वभावतः दीवानी (सिविल) होते हैं । जिनमें पुलिस हस्तक्षेप सीमित होना चाहिए । केवल उन्हीं मामलों में कार्रवाई हो । जहां स्पष्ट रूप से आपराधिक तत्व मौजूद हों । सर्राफा एसोसिएशन ने मांग की कि ऐसे मामलों में किसी भी कार्रवाई से पहले अनिवार्य रूप से प्रारंभिक सत्यापन किया जाए । दोनों पक्षों को सुनने का अवसर दिया जाए और दस्तावेजों की जांच के बाद ही कोई कदम उठाया जाए । साथ ही बिना नोटिस के दबावपूर्ण कार्रवाई पर रोक लगाने और पुलिस व्यवहार को सभ्य व विधिसम्मत बनाए रखने की भी अपील की गई ।
इस दौरान अध्यक्ष कुलदीप रस्तोगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश सोनी, महामंत्री धर्मेंद्र गुप्ता,कोषाध्यक्ष मोनू रस्तोगी सहित आनंद रस्तोगी, रंजन गुप्ता, सोनू गुप्ता,अमित रस्तोगी,प्रदीप रस्तोगी,अर्पित रस्तोगी, मनोज रस्तोगी,योगेश चंद्र रस्तोगी, संजय कुमार, अमित कुमार और अभिषेक रस्तोगी समेत कई व्यापारी मौजूद रहे ।
