– श्रमिकों को सरकारी योजनाओं और पंजीकरण के लाभों के प्रति किया गया जागरूक
फतेहपुर । अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के गरिमामयी अवसर पर जिला प्रशासन फतेहपुर द्वारा औद्योगिक क्षेत्र मलवा स्थित जेडीएसएल एडिबल लिमिटेड (प्लॉट नंबर- C27) के प्रांगण में ‘श्रम वीर गौरव समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में जिले के श्रमिक बंधुओं,उद्यमियों,व्यापारियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और हेल्थ चेक अप भी किया गया ।मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया ।
कार्यक्रम के दौरान प्रातः 11:00 से 12:00 बजे तक मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया । मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में श्रमिकों के कल्याण और उनके अधिकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई,जिसे उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना ।
श्रमिक राष्ट्र निर्माण के असली नायक
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए परियोजना निदेशक श्री शेषमणि सिंह ने श्रमिकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमिक ही हमारी समस्त औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला हैं । उनके पसीने और परिश्रम के बिना किसी भी उत्पादन या विकास की कल्पना करना असंभव है ।
योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
सहायक श्रमायुक्त लालाराम ने उपस्थित श्रमिक बंधुओं का स्वागत किया और उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया ।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकारी पंजीकरण के माध्यम से श्रमिक शिक्षा,चिकित्सा और आवास जैसे लाभ प्राप्त कर सकते हैं । वहीं निवेश प्रोत्साहन अधिकारी (उद्यमी मित्र) अनुराग अग्रहरि ने उद्योग विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न निवेश और प्रोत्साहन योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने उद्यमियों और औद्योगिक निकायों को सरकार की नीतियों का लाभ उठाकर क्षेत्र के विकास में योगदान देने हेतु प्रोत्साहित किया साथ ही सीएम फेलो ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से अपना रोज़गार स्थापित करने के बारे में बताया ।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में सहायक आयुक्त उद्योग राम मूर्ति मौर्या, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष कुमार,अभिनव पाण्डेय, निवेश प्रोत्साहन अधिकारी अनुराग अग्रहरि तथा सीएम फेलो,सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।
औद्योगिक जगत की ओर से आईआईए अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह,राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद बाबू टाटा, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र उमराव,उदयभान साहू सहित कई प्रमुख उद्यमियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई और श्रमिकों का सम्मान किया ।
