– नाले की खामियों पर जताई नाराजगी
– एक हफ्ते में मिट्टी हटाने के निर्देश,बोलीं- दुर्घटना हुई तो तय होगी जिम्मेदारी
फतेहपुर । जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को मलवां औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान यूपीसीडा द्वारा निर्माणाधीन नाले की खामियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए ।
मिट्टी का ढेर देख भड़कीं जिलाधिकारी
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने देखाकि निर्माणाधीन नाले के किनारे मिट्टी का ढेर लगा हुआ है । उन्होंने एक सप्ताह के अंदर मिट्टी का निस्तारण कराने के आदेश दिए ।
सड़क से नीचे बन रहा नाला, दिया सुधार का निर्देश
उद्यमियों ने शिकायत की कि नाला सड़क से नीचे बनाया जा रहा है । इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नाले का स्लोप सड़क से ऊपर रखा जाए,ताकि दोपहिया और चारपहिया वाहन नाले के ऊपर न जा सकें और हादसे न हों ।
एनएचएआई पीडी को किया तलब
कैंची मोड़ के पास बने नाले की समस्या पर डीएम ने पीडी एनएच एआई को तलब किया । उन्होंने कहा कि नाले की समस्या का समाधान कराएं और बताएं कि टेंडर डॉक्यूमेंट में क्या शर्तें थी इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करें ।
“दुर्घटना हुई तो तय होगी जिम्मेदारी” –
जिलाधिकारी ने साफ कहा “अगर नाले की वजह से किसी आम नागरिक के साथ दुर्घटना हुई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी ।”
उन्होंने निर्देश दिया कि इस बरसात से पहले हर हाल में समस्या का समाधान हो जाए,ताकि उद्यमियों और आम जनता को राहत मिले ।निरीक्षण के दौरान एसडीएम बिन्दकी प्रियंका अग्रवाल,जीएमडीआईसी अजय कुमार गुप्ता समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे ।
