बिजनौर । जिला अस्पताल बिजनौर से प्राप्त सूचना के आधार पर कोतवाली शहर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई । पुलिस के अनुसार जिला कारागार बिजनौर से उपचार हेतु लाए गए एक निरुद्ध बंदी को चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया ।
जारी जानकारी के अनुसार अरुण कुमार वर्मा पुत्र बृज किशोर वर्मा निवासी शास्त्री नगर आई ब्लॉक थाना मेडिकल जनपद मेरठ, थाना कोतवाली शहर बिजनौर में पंजीकृत एक मुकदमे में 13 अप्रैल 2026 से न्यायालय के आदेशानुसार जिला कारागार बिजनौर में निरुद्ध था ।
बताया गया कि 16 मई को सीने में जलन की शिकायत होने पर उसे कारागार चिकित्सालय में उपचार हेतु ले जाया गया । स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सक द्वारा जिला अस्पताल बिजनौर रेफर किया गया । जहां परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया । पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं ।
मृत्यु के कारण की जानकारी के लिए शव को पोस्टमार्टम एवं पंचायतनामा की कार्रवाई हेतु मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है ।मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है ।
