हीमपुर दीपा । थाना हीमपुर दीपा पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार करने का दावा किया है । पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध शस्त्र,कारतूस,पशु वध के उपकरण तथा एक मोटर साइकिल बरामद होने की जानकारी दी है।पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 7 मई 2026 को ग्राम अकबरपुर तिगरी के जंगल में एक संदिग्ध सेंट्रो कार के पास गौवंशीय पशु का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी ।
घटनास्थल से पशु वध के उपकरण एवं घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई थी मामले में थाना हीमपुर दीपा पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था । प्रेस नोट के अनुसार मामले में पूर्व में राजवीर उर्फ राजू, मनोज तथा बाबू कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है । जबकि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी थे ।
पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को क्षेत्र में चेकिंग के दौरान ग्राम पीपली जट के जंगल स्थित स्याऊ-छाछरी मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया ।
आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई ।
पुलिस का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में दोनों व्यक्तियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायलावस्था में गिरफ्तार कर उपचार हेतु चिकित्सालय भेजा गया । पूछताछ में उन्होंने अपने नाम शाहिद पुत्र मुस्तफा एवं फुरकान पुत्र हसन निवासी ग्राम राजोपुर बहमन थाना चांदपुर जनपद बिजनौर बताए । पुलिस के अनुसार शाहिद थाना चांदपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है ।
प्रेस नोट के अनुसार पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने 7 मई को ग्राम अकबरपुर तिगरी के जंगल में हुई गौकशी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया । पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे,कारतूस,चापड़, छुरी, रस्सी तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है । पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के संबंध में थाना हीमपुर दीपा पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है ।
