अभियुक्त मनीषा मंधारे पुणे के एक नामी कॉलेज में बॉटनी की सीनियर प्रोफ़ेसर हैं ।
नई दिल्ली । नीट पेपर लीक मामले की एक और अभियुक्त को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया है । दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अभियुक्त मनीषा मंधारे की सीबीआई को 14 दिन की हिरासत दे दी है । मनीषा मंधारे को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था । यह सामने आया है कि उनका बॉटनी और ज़ूलॉजी विषयों के प्रश्नपत्रों तक एक्सेस था । मनीषा मंधारे पुणे के एक नामी कॉलेज में बॉटनी की सीनियर प्रोफ़ेसर हैं । उनका नाम इस मामले में आने के बाद सीबीआई ने पूरी जांच की और फिर दिल्ली में उन्हें गिरफ़्तार किया ।
गौरतलब है कि अब तक इस मामले में कुल 9 अभियुक्तों को दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से गिरफ़्तार किया गया है । इनमें से 5 अभियुक्तों को पहले ही कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है ।
