जौनपुर । बदलापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर पावर हाउस के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में एक मजदूर युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई । जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मजदूरी करने के लिए बाइक से जा रहे थे । इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी । हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए ।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-731 पर शव रख कर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची । जहां ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति भी बन गई । स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया । पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया ।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई है और फरार स्कॉर्पियो चालक व सवारों की तलाश की जा रही है ।
