ईरानी हमले पर राष्ट्रपति ट्रंप बोले, “हर चीज किसी न किसी वजह से होती है”
अमेरिका न्यूज । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सप्ताह के आख़िर तक ईरान के साथ समझौता होने की संभावना व्यक्त की है ।
हमारे संवाददाता के मुताबिक वह व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे । तभी उनसे पूछा गया कि क्या कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर ईरान के हमलों के बाद भी युद्धविराम लागू है ?
इसके जवाब में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा “हर चीज किसी न किसी वजह से होती है ।”
ट्रंप ने कहा कि कुवैत में ईरानी हमले से एक रात पहले अमेरिकी सेना ने ईरान पर “बहुत जोरदार प्रहार” किया था ।
गौरतलब है कि कल ईरान और अमेरिका के बीच तनाव की एक नई लहर देखी गई जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले किए और उन्हें “आत्मरक्षा” की कार्रवाई बताया ।
ईरान ने कहा कि उसने मिसाइलों और ड्रोन से क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है ।
व्हाइट हाउस में एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा “हम ईरानियों पर बहुत सख्ती से हमला कर रहे हैं । इसलिए कुछ चीजें किसी वजह से होती हैं ।”
हालांकि, ट्रंप के मुताबिक अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बेहतरीन सेना है । जिसकी मदद से ईरान की कार्रवाइयों को नियंत्रित किया गया था । इसलिए ये हालिया हमले कोई बड़ी बात नहीं हैं ।
