पुलिस ने बताया कि अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर ज़मीन विवाद के कारण हमला हुआ ।
बिहार । बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर रविवार शाम उनके घर के बाहर धारदार हथियार से हमला हुआ । पुलिस के मुताबिक़ यह हमला ज़मीन विवाद के कारण हुआ ।
हमले में घायल विजेंद्र नाथ तिवारी को पहले गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफ़र कर दिया । फ़िलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है ।
गोपालगंज के एसडीपीओ सदर-2 राजेश कुमार ने बताया “हमले में एक व्यक्ति शामिल था जिसकी गिरफ़्तारी हो चुकी है । यह विवाद ज़मीन को लेकर हुआ था ।”
पंकज त्रिपाठी मूलरूप से गोपालगंज के रहने वाले हैं हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विजेंद्र नाथ तिवारी उनके सगे भाई हैं या रिश्तेदारी में आते हैं ।
