✓ वीडियो वायरल होने के बाद मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने एक्स पर एक बयान जारी किया है (एएसपी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा) ।
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) । सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है । जिसमें एक युवक के साथ कुछ लोग मारपीट करते हुए दिख रहे हैं । वहीं उस वीडिया में एक महिला उस लड़के को बचाने की कोशिश करती हुई दिख रही है । यह वीडियो उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर का बताया जा रहा है । वीडियो वायरल होने के बाद मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने एक बयान जारी किया है ।
पुलिस ने एक्स पर लिखा “रविवार को थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली कि ज़िला परिषद मार्केट के पास एक युवक के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा मारपीट की जा रही है । सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया ।”
“घायल युवक को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण हेतु अस्पताल भिजवाया गया । सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर मारपीट करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है ।
मिली तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइन में सुसंगत धाराओं में केस पंजीकृत किया जा रहा है । साथ ही प्रकरण में नियम के मुताबिक़ आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है ।”
