– अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर ने किया लोकार्पण;आधुनिक आधारभूत संरचना,
– बेहतर ग्राहक सेवा एवं सुदृढ़ बैंकिंग व्यवस्था की दिशा में महत्व पूर्ण कदम
सुलतानपुर । उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में विस्तृत शाखा नेटवर्क के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहे उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के नवनिर्मित सुलतानपुर क्षेत्रीय कार्यालय भवन का गुरुवार को बैंक के माननीय अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर द्वारा भव्य उद्घाटन किया गया ।
इस गरिमामयी अवसर पर कैंप कार्यालय गोरखपुर के प्रमुख एम. के. झा,क्षेत्रीय प्रमुख श्री अभिषेक जायसवाल एवं उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री दिनेश चन्द्र पाल की विशेष उपस्थिति रही । कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय सुलतानपुर की पूरी टीम के साथ विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रमुखों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक अशोक उपाध्याय (वसूली विभाग), संजय जायसवाल (मानव संसाधन विभाग) एवं विष्णु मोहन त्रिपाठी (ऋण विभाग) सहित क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का प्रधान कार्यालय लखनऊ में स्थित है तथा बैंक की 4,340 शाखाएं प्रदेश के सभी 75 जनपदों में बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रही हैं । इतने व्यापक नेटवर्क के माध्यम से बैंक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लाखों ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ते हुए प्रदेश में वित्तीय समावेशन,कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार,सूक्ष्म एवं लघु उद्यम तथा आमजन की वित्तीय आवश्यकता ओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । सुलतानपुर क्षेत्र, बैंक के कैंप कार्यालय गोरखपुर के अंतर्गत कार्यरत है ।
नवनिर्मित क्षेत्रीय कार्यालय भवन बैंक की सुदृढ़ होती आधारभूत संरचना और निरंतर विस्तार का प्रतीक है । आधुनिक एवं बेहतर कार्य परिवेश से क्षेत्रीय कार्यालय तथा अधीनस्थ शाखाओं के मध्य प्रशासनिक समन्वय और अधिक प्रभावी होगा,जिससे बैंकिंग सेवाओं के त्वरित निष्पादन एवं ग्राहक सुविधाओं को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी ।
उद्घाटन के अवसर पर बैंक के अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्राहक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बैंक के व्यवसाय विस्तार, वित्तीय समावेशन तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया ।
सुलतानपुर में नवनिर्मित क्षेत्रीय कार्यालय भवन का शुभारंभ केवल बैंक के आधारभूत ढांचे के विस्तार तक सीमित नहीं है । बल्कि यह क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मजबूत होती उपस्थिति, बेहतर ग्राहक सेवा और भविष्य की विकास यात्रा की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है ।
“हर वर्ग तक बैंकिंग की पहुंच, बेहतर सेवा और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था” के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक प्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में अपनी भूमिका को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है ।
