– गोल्ड मेडल जीतने के बाद मीराबाई चनू भावुक हो गईं ।

नई दिल्ली । भारत की स्टार वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने के बाद कहा है कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने से ज़्यादा खुशी की और कोई बात नहीं हो सकती ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मीराबाई चानू ने कहा “मैं बहुत खुश हूं । कॉमनवेल्थ खेलों में यह मेरा तीसरा गोल्ड मेडल है । कुल मिलाकर चौथा मेडल । मेरी यात्रा 2014 के कॉमनवेल्थ खेलों से ही शुरू हुई थी । जहां मैंने सिल्वर मेडल जीता था ।
उन्होंने कहा “आज भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर मुझे बेहद खुशी हो रही है । लगातार गोल्ड मेडल जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होती है । इसलिए आज मैं बहुत खुश हूं ।”
अपने बालों में लगे तिरंगे वाले क्लिप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा “ये तिरंगे वाले क्लिप मैंने खुद बनाए हैं । मैं चाहती थी कि मेरे पास ऐसी कोई खास चीज हो जो हमारे राष्ट्रीय ध्वज का प्रतिनिधित्व करे । कल रात अचानक लगा कि मुझे कुछ बनाना चाहिए, इसलिए मैंने तितली के आकार के ये क्लिप खुद तैयार किए । तिरंगे को अपने साथ रखने से मुझे बहुत खुशी मिलती है । आज मैं बेहद भावुक हो गई थी और बहुत रोई भी । यह पल मेरे लिए भावनाओं से भरा हुआ था, लेकिन उतना ही खुशी देने वाला भी ।”
