✓ नेहा बोरा ने बिहार में प्रदर्शनकारियों की गिरफ़्तारी पर सवाल उठाए हैं ।
नई दिल्ली । सीपीआई (एमएल-लिबरेशन) के छात्र संगठन आइसा की नेता नेहा बोरा ने बिहार में पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ़्तार किए जाने का आरोप लगाया है ।
उन्होंने आइसा के एक्स हैंडल पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि वह बिहार पहुंचकर इस मामले को पूरे ज़ोर-शोर से उठाएंगीं ।
उनका कहना है कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों से किए गए वादे का उल्लंघन किया है ।
कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया था कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कोई क़ानूनी कार्रवाई न करने का वादा किया था ।
नेहा ने कहा “इसके बावजूद स्टूडेंट्स को गिरफ़्तार कर जेलों में भरा जा रहा है ।”
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया गया है । इनमें ज़्यादातर मुस्लिम स्टूडेंट्स हैं ।
वीडियो में वह कहती दिख रही हैं “एक तरफ़ जहां हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े का जश्न मना रहे हैं । वहीं दूसरी ओर देश भर में पेपर लीक के ख़िलाफ़ आंदोलनों में शामिल लोगों को निशाना बनाया जा रहा है ।”
“बिहार में पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ के साथ आइसा के एक्टिविस्ट साथी धनंजय, साथी दीपांकर, साथी सबा और साथी दिव्यम को बेऊर जेल में तीन दिन से बंद किया गया है । उनके ख़िलाफ़ नौ से ज़्यादा मुक़दमे दर्ज किए गए हैं जिनमें हत्या के प्रयास का केस भी शामिल है ।”
“एक दिन के प्रदर्शन के आधार पर ये सभी फ़र्ज़ी केस लगाए जा रहे हैं । बिहार के अलग-अलग ज़िलों में 100 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई किए जाने की ख़बर आ रही है ।” उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई पर सवाल उठाए ।
उन्होंने कहा “पश्चिम बंगाल में लगभग 14 स्टूडेंट्स को पेपर लीक के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने पर जेल में बंद कर दिया गया है । इन प्रदर्शनकारियों में ज़्यादातर मुस्लिम स्टूडेंट्स हैं बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि अब 70 और लोगों के ख़िलाफ़ इस तरह के मुक़दमे किए जाएंगे । ये तमाम गिरफ़्तारियां और कार्रवाइयां प्रदर्शनकारियों से सरकार के किए गए वादे का उल्लंघन हैं । सरकार ने वादा किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होगी ।”
नेहा बोरा ने कहा कि वह पटना पहुंच रही हैं, जहां वह जेल में बंद प्रदर्शनकारियों से मिलेंगी । उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस काम में उनकी मदद करें ।
