इसराइल । देश के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह सितंबर में यूएन जनरल असेंबली में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क जाएंगे ।
नेतन्याहू का ये बयान ऐसे वक़्त आया है जब न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी अपने एक बयान में उन्हें गिरफ़्तार कराने की बात कह चुके हैं ।
हालांकि पिछले सप्ताह ममदानी अपने उस बयान से पीछे हट गए थे । उन्होंने माना था कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की ओर से जारी गिरफ़्तारी वारंट के आधार पर नेतन्याहू को गिरफ़्तार कराने का कानूनी अधिकार उनके पास नहीं है ।
रविवार को फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में नेतन्याहू ने कहा कि वह ममदानी के पहले दिए गए बयान को लेकर ‘चिंतित नहीं हैं’।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममदानी ‘नफ़रत को बढ़ावा दे रहे हैं ।’
नेतन्याहू ने कहा “उन्हें सभी न्यूयॉर्कवासियों के मेयर की तरह काम करना चाहिए । चाहे वे यहूदी हों, ईसाई हों, मुसलमान हों या किसी भी समुदाय के । लेकिन वह एक समुदाय को दूसरे के ख़िलाफ़ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं ।”
नेतन्याहू ने गुरुवार को न्यूयॉर्क में हुई चाकूबाजी की दो घटनाओं का भी जिक्र किया इन घटनाओं में एक संदिग्ध ने कुछ ही दूरी पर एक यहूदी और एक एशियाई मूल के व्यक्ति पर चाकू से हमला किया था ।
