– नगर आयुक्त के एक्शन के बाद नगर निगम जलकल विभाग स्वास्थ्य विभाग व निर्माण विभाग का पूरा अमला जल निकासी के लिए शाहजमाल में मुस्तैद हुआ ।
– जीएम के बाद अधिशासी अभियंता यांत्रिक अजय सक्सेना को नगर आयुक्त ने दी प्रभारी जीएम की जिम्मेदारी
– ख़ैर रोड का पानी हुआ डायवर्ड-मौके पर 30000 लीटर डिस्चार्ज क्षमता के 3 पम्प हुए क्रियाशील
अलीगढ़ । शाहजमाल क्षेत्र में जलभराव की विकराल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा मंगलवार देर रात एक बार फिर स्वयं मैदान में उतरे नगर आयुक्त ने शाहजमाल, खैर रोड, नगला मसानी एवं हीरा नगर पुलिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
नगर आयुक्त के सख्त रुख एवं लगातार मॉनिटरिंग का असर देर रात तक देखने को मिला नगर निगम के निर्माण विभाग,स्वास्थ्य विभाग ,जलकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ जल निकासी कार्य में जुटे रहे । शाहजमाल में पंपों का संचालन, नालों की सफाई एवं जल निकासी को सुचारु बनाए रखने का कार्य युद्धस्तर पर कराया गया ।
शाहजमाल में जलभराव की समस्या के समाधान में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से महाप्रबंधक जल का चार्ज हटाकर अधिशासी अभियंता (यांत्रिक) अजय सक्सेना को प्रभारी महाप्रबंधक जल की जिम्मेदारी सौंपी ।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रभारी जीएम जल को निर्देशित किया गया कि सभी पंपों का संचालन बिना किसी बाधा के निरंतर सुनिश्चित किया जाए तथा बुधवार दोपहर तक शाहजमाल क्षेत्र को पूर्ण रूप से जलभराव से मुक्त कराया जाए ।
मौके पर 30000 लीटर डिस्चार्ज क्षमता के तीन पंप क्रियाशील हो गए है । निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जलकल विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शाहजमाल एवं हीरा नगर पुलिया पर चौबीस घंटे कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए साथ ही तीनों नए पंपों का निरंतर संचालन किया जाए ताकि जलनिकासी की गति बनी रहे और कहीं भी पानी दोबारा जमा न होने पाए । नगर आयुक्त ने कहा कि जल निकासी कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी । सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करते रहें और प्रत्येक घंटे की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं ।
