✓ विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है ।
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया है । इस मामले पर पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट की प्रतिक्रिया आई है ।
विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है ।
विनेश फोगाट ने बयान जारी करते हुए लिखा “हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी । सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृज भूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं ।”
उन्होंने लिखा “लेकिन कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृज भूषण के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ती रहीं । हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृज भूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना ।”
फोगाट ने लिखा “शुरू से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है । महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे ।”
पहलवान बजरंग पूनिया ने भी एक्स पर यही बयान साझा किया है ।
वहीं बृज भूषण शरण सिंह ने इस मामले पर कहा कि उन्हें भरोसा था कि उन्हें न्याय मिलेगा ।
बृज भूषण शरण सिंह ने कहा “मुझे पूरा भरोसा था कि मेरे साथ न्याय होगा । मैंने कभी ख़ुद को अपराधी महसूस नहीं किया । जो जूनियर खिलाड़ी थे, जिनका हक़ मारा जा रहा था । हमने उनके लिए लड़ाई लड़ी । मुझे ख़ुशी है कि उस लड़ाई में भी हमारी ही जीत हुई और भरोसा है कि वो (जूनियर) खिलाड़ी आने वाले समय में पहलवानी में देश का परचम लहराएंगे ।”
