बहराइच । ज़िले में एक बार फिर तेंदुए का आतंक देखने को मिला है । ज़िले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में एक तेंदुए ने घर में घुसकर एक महिला पर हमला कर दिया ।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के डीएफ़ओ अपूर्व दीक्षित ने बताया “यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की आधी रात को सुजौली रेंज के धनिया बेली गांव में हुई । यहां जय प्रकाश की 26 वर्षीय पत्नी लाली देवी अपने घर में अपनी मासूम बेटी के साथ सो रही थीं ।”
“इसी दौरान एक तेंदुआ घर में घुस आया और उसने लाली देवी पर अचानक हमला कर दिया । तेंदुए के हमले के बाद महिला ने अपनी और अपनी बेटी की जान बचाने के लिए करीब पांच मिनट तक उसका सामना किया । शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और उन्होंने चिल्लाकर तेंदुए को भगाने की कोशिश की । इसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया ।” हमले में घायल लाली देवी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है । घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया । वन अधिकारी अनिल पटेल ने घायल महिला के परिवार को तीन हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी ।

हमले में घायल लाली देवी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि इलाक़े में तेंदुए की तलाश के लिए अभियान तेज़ कर दिया गया है । साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है और लोगों को सलाह दी गई है कि वे शाम के समय अकेले बाहर न निकलें । जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है । वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है ।
मई में भी मां ने तेंदुए से लड़कर बचाई थी बच्चे की जान
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में इसी साल 20-21 मई को भी तेंदुए के हमले की ऐसी ही घटना सामने आई थी । उस समय एक मां ने अपने छह साल के बच्चे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गईं थी । यह घटना कतर्नियाघाट वाइल्डलाइफ़ सैंक्चुअरी की कतर्नियाघाट रेंज के तेलियनपुरवा गांव में हुई थी । उस समय मीना देवी अपने बेटे मोहित के साथ सड़क किनारे बैठी थीं । तभी पास के घने गन्ने के खेत से अचानक एक तेंदुआ बाहर निकला और बच्चे पर हमला कर दिया ।
मीना देवी ने तुरंत तेंदुए का सामना किया और अपने बेटे को बचाने के लिए उससे भिड़ गईं । इस घटना में मीना देवी को कई जगह चोटें आई थीं,जबकि उनके बेटे मोहित को मामूली चोट लगी थी ।
