बिन्दकी/फतेहपुर । तहसील बिन्दकी नगर के लंका रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज में आज छात्र संसद एवं कन्या भारती शपथ ग्रहण समारोह का किया गया ।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता,अनुशासन,कर्तव्य बोध, लोकतांत्रिक भावना तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संभाग निरीक्षक शिवकरण, पुलिस उप निरीक्षक ज्योति सिंह, महिला मंडल अध्यक्ष स्वाती ओमर एवं समाजसेवी लक्ष्मी चंद्र ओमर उपस्थित रहे । दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए छात्र जीवन में अनुशासन, संस्कार, सेवा और नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला ।
प्रधानाचार्य बलराम सिंह ने कहा कि छात्र संसद एवं कन्या भारती की रूपरेखा का वर्णन किया । उन्होंने बताया कि छात्र संसद एवं कन्या भारती का ध्येय छात्रों में नेतृत्व की क्षमता का विकास करना है । छात्र संसद एवं कन्या भारती का गठन प्रत्यक्ष निर्वाचन तथा अभिव्यक्ति के माध्यम से किया जाता है ।
समारोह के दौरान नवगठित छात्र संसद एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई गई छात्र संसद के प्रधानमंत्री यशराज सिंह तथा कन्या भारती की अध्यक्षा निष्ठा मिश्रा ने अपने- अपने दायित्वों को जिम्मेदारीपूर्वक निभाने का संकल्प लिया ।
छात्र संसद में प्रधानमंत्री यशराज सिंह उप प्रधानमंत्री राघवेंद्र ओमर, सेनापति आदर्श मिश्रा,न्यायाधीश ओम पाण्डेय तथा कन्या भारती में अध्यक्ष निष्ठा मिश्रा उपाध्यक्ष सांची सिंह,मंत्री अनुप्रिया,सचिव आरुषी के साथ विभिन्न विभागों के मंत्री, सांसदों को शपथ दिलाई गई ।
इस अवसर पर छात्रसंसद प्रमुख चंदन एवं कन्या भारती प्रमुख शक्ति ने भी विद्यार्थियों को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम का सफल संचालन अमित दीक्षित द्वारा किया गया ।
अतिथियों ने कहा कि छात्र संसद एवं कन्या भारती जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व, निर्णय क्षमता, सहयोग, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं । ऐसे कार्यक्रम अगर सभी स्कूल, कॉलेजों में होने लगे तो निश्चय ही विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार एवं संस्कारवान नागरिक बनने से कोई नहीं रोक सकता है वो हर एक मुश्किल के लिए तैयार हैं ।
समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं विद्यालय की उन्नति की मंगलकामनाओं के साथ हुआ ।
