यूक्रेन । राजधानी कीएव के पास रूस के हमलों में एक बच्चे समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई । एक स्थानीय अधिकारी ने इन हमलों की जानकारी दी ।
शनिवार तड़के मिसाइलों ने राजधानी कीएव के पूर्वी इलाक़े को निशाना बनाया । यहा चश्मदीदों ने ज़ोरदार धमाकों की आवाज़ सुनने की बात कही । कुछ ही दिन पहले यूक्रेन के कई हिस्सों में हुए रूसी हमले में 21 लोगों की मौत हुई थी । यूक्रेन में क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख टिमुर टेकाचेंको ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हुए । उन्होंने कहा कि मिसाइलों के मलबे से अपार्टमेंट की इमारतों और कारों को नुक़सान पहुंचा । इससे एक अन्य इमारत में आग भी लग गई ।
कीएव के मेयर विटाली क्लिचको ने टेलीग्राम पर बताया कि आपातकालीन दल एक इमारत और ईंधन टैंक में लगी आग बुझाने में जुटे हैं । यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा डीएसएनएस ने कीएव में गैरेज,एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान और एक इमारत में आग लगने की तस्वीरें साझा कीं । इमरजेंसी सेवा ने कहा “पीड़ितों की संख्या की जानकारी जुटाई जा रही है ।”
