नई दिल्ली । पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर मंगलवार को तीखा हमला बोला है ।
प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के हितों के मुद्दे पर लगातार झूठ फैला रही है ।
धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा “छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस लगातार झूठ फैला रही है, राहुल गांधी के पास तथ्य नहीं है । आदतन झूठ बोलने वाले नेता प्रतिपक्ष को न संसद में आना है और न जवाब सुनना है । इन्हें तो बस अपना झूठ फैलाकर घड़ियाली आँसू बहाना है ।
उन्होंने लिखा “गृहमंत्री अमित शाह जी पर बेवजह बिना किसी तथ्य के झूठे आरोप लगाना राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दिखाता है । सरकार हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है । मगर कांग्रेस लोकतंत्र के मंदिर ‘संसद भवन’ को बाधित कर देश और युवाओं के हितों को कुचलने का काम कर रही है ।”
“कांग्रेस का लोकतंत्र भी सिलेक्टिव है, जहां अपनी सरकार हो, वहां युवाओं पर हिंसा और जहां राजनीति चमकानी हो, वहां झूठ और हंगामा । झारखंड में छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई है, उसे पूरे देश ने देखा है ।”
प्रधान ने लिखा “सवाल ये है कि हर मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने वाले राहुल गांधी आज चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? देश का युवा कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझ चुका है । लोकतंत्र में तानाशाही के लिए कोई जगह नहीं, ये राहुल गांधी और आपातकाल वाली सोच से चलने वाली कांग्रेस पार्टी को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए ।” दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं ।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी थी । वहीं सरकार और दिल्ली पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर गोली नहीं चलाई गई थी ।
