— नवारो ने कहा “राष्ट्रपति और आपके प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छे कामकाजी संबंध हैं ।
— वे इस मुद्दे को आपस में सुलझा लेंगे”।
अमेरिका । राष्ट्रपति के काउंसलर पीटर नवारो ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच अच्छे संबंध हैं और दोनों नेता टैरिफ समेत अन्य मुद्दों को आपस में सुलझा लेंगे ।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के एक सवाल के जवाब में नवारो ने यह बात लिंडसे ग्राहम बिल को लेकर कही । इस बिल को अमेरिकी राष्ट्रपति का समर्थन हासिल है और इसमें भारत पर संभावित 100 फ़ीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रावधान है । उनसे पूछा गया था कि इसका भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर क्या असर पड़ सकता है ।
नवारो ने कहा कि “राष्ट्रपति और आपके प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छे कामकाजी संबंध हैं । वे इस मुद्दे को आपस में सुलझा लेंगे और मेरे लिए उनके बीच आने की कोई बात नहीं है ।”
रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए नवारो ने कहा कि करीब 6-8 महीने पहले उन्होंने फाइनेंशियल टाइम्स में एक लेख लिखा था । इसमें उन्होंने दावा किया था कि यूक्रेन पर रूस के हमले से पहले भारत रूस के तेल कारोबार में शामिल नहीं था लेकिन बाद में भारत इसमें काफी शामिल हो गया और रूस की ओर से बड़ी मात्रा में रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पाद बेच रहा था ।
नवारो ने कहा कि यह मुद्दा अब सुलझ चुका है उन्होंने यह भी दावा किया कि उस लेख के बाद इंटरनेट पर भारतीय लोगों की ओर से उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा । उन्होंने कहा “मैं बस इतना कहूंगा कि ऐसा मत कीजिए । अमेरिका में हम समस्याओं को इस तरह हल नहीं करते ।”
