Oplus_131072

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली के लाल किले में 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करते हुए । प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के निर्माण पर जोर दिया था ।
नई दिल्ली । भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है । इस मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लाल क़िले से हर साल की परंपरा के अनुसार सुबह 7:30 बजे तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे ।
नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक स्थल से यह लगातार 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा । संबोधन से पहले मोदी तीनों सेनाओं और दिल्ली पुलिस के जवानों से बनी गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे ।
ध्वजारोहण के दौरान स्वदेशी 105 एमएम लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी । प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत करेंगे और इसके बाद राष्ट्रगान होगा ।
समारोह में क़रीब 27,000 लोग शामिल होंगे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 5,000 विशेष अतिथि, आम लोग और देश के युवा शामिल होंगे ।
स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के ज़रिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं ।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा “सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की असीम शुभकामनाएं । यह राष्ट्रीय पर्व हमें देश के वीर सेनानियों के अद्भुत साहस,अथक संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अतुलनीय समर्पण का स्मरण कराता है । आइए उनके आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करें ।”
