संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी के ‘दिमाग़ी नक्सल’ वाले बयान पर सफ़ाई दी है ।
किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी के बयान पर सफ़ाई दी ।

नई दिल्ली । स्वतंत्रता दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी के ‘दिमाग़ी नक्सल’ वाले बयान पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर सफ़ाई देते हुए एक पोस्ट की । लेकिन इसमें वो एक ऐसी ग़लती कर बैठे जिससे कांग्रेस नेता उनकी आलोचना करने लगे ।
किरेन रिजिजू ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी नेताओं को “दिमाग़ी नक्सल” नहीं कहा ।
किरेन रिजिजू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि “केवल निम्नलिखित लोग दिमाग़ी नक्सल हैं-
1— जो माओवादियों का समर्थन करते हैं और भारतीय संविधान को ख़ारिज करते हैं ।
2— जो अलगाववादियों के साथ खड़े होते हैं और अनुच्छेद 370 का समर्थन करते हैं ।
4— जो भारत से पूर्वोत्तर को अलग करने के लिए चिकन नेक को काटना चाहते हैं ।”
उनकी इस पोस्ट को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लिखा “किरेन रिजिजू भाई पहले गिनती सही कर लें,फिर हम जवाब देंगे । 1, 2 के बाद तीन आता है 4 नहीं ।”
इसी पोस्ट को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने लिखा “एंटायर पॉलिटिकल साइंस का कमाल ।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में इस्तेमाल किए गए ‘दिमाग़ी नक्सल’ शब्द को लेकर कई नेताओं ने आपत्ति जताई है ।
पीएम मोदी ने कहा था “हथियारी नक्सल तो गए । लेकिन दिमाग़ी नक्सल मौक़े की तलाश में हैं । हिंसा अराजकता के वो रास्ते खोज रहे हैं । इन दिमाग़ी नक्सलियों को पहचानना होगा । इन दिमाग़ी नक्सलियों को आइसोलेट करना होगा ।”
