महाराष्ट्र । फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) ने अभिनेता शाहरुख़ ख़ान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ़ को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है ।
इस नोटिस में कहा गया है “खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की धारा 24 खाद्य पदार्थों से संबंधित विज्ञापनों और अनुचित व्यापार प्रथाओं पर रोक लगाती है यह ऐसे विज्ञापनों पर रोक लगाती है जो भ्रामक हों या अधिनियम और इससे जुड़े नियमों का उल्लंघन करते हों ।”
एफ़डीए का कहना है कि जांच के बाद पहली नज़र में ऐसा लगता है कि विज्ञापन विमल ब्रांड का प्रचार करता है । जो मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा है । 13 जुलाई 2026 के प्रतिबंध आदेश के तहत महाराष्ट्र में पान मसाला के निर्माण ,भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर रोक है । कारण बताओ नोटिस के मुताबिक़ इस विज्ञापन से उपभोक्ता भ्रमित हो सकते हैं और प्रतिबंधित उत्पाद की पहचान का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार हो सकता है ।
नोटिस में कहा गया है कि भ्रामक विज्ञापनों का समर्थन करने वाले प्रचारकों पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना और बार-बार उल्लंघन करने पर 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है ।
