नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है इस वीडियो में वो जंतर-मंतर के प्रदर्शन में शामिल युवाओं से बात कर रहे हैं । बातचीत में शामिल युवा लड़के और लड़कियाँ आंदोलन से जुड़े अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने वीडियो के साथ ही अपनी पोस्ट में लिखा है “भारत के युवाओं ने मोदी जी के हिंसक शासन के सामने जिस साहस और मज़बूती से खड़े होकर जवाबदेही की मांग की,वह काबिल-ए-तारीफ़ है । उन्होंने शांति, मोहब्बत और हंसी-मज़ाक के साथ अपनी आवाज़ बुलंद की ।”
उन्होंने लिखा “मुझे हर एक युवा पर गर्व है । ख़ासकर उन लड़कियों पर, जिन्हें बीजेपी के गुंडों की बदसलूकी, गाली-गलौज और हिंसा का सामना करना पड़ा, यहां तक कि उन्हें प्रधानमंत्री से माफ़ी मांगने के लिए मजबूर किया गया लेकिन अब उनकी आवाज़ दबाई नहीं जा सकेगी ।”
राहुल गांधी ने बताया है कि उनका ‘छात्रों की गूँज’ का अगला कार्यक्रम 22 अगस्त को पुणे में होगा और इस बार का कार्यक्रम सिर्फ़ लड़कियों के लिए होगा ।
उन्होंने लिखा “अब लड़कियां बोलेंगी, देश सुनेगा ।”
दरअसल जुलाई महीने में जंतर-मंतर पर हज़ारों की संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया था सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) ने नेतृत्व में शुरू हुए इस प्रदर्शन में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग की गई थी ।
लेकिन 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों के संसद मार्च के समय पुलिस ने बल प्रयोग किया था । जिसमें कई युवा छात्र-छात्राएं घायल हो गए थे । हालांकि बाद में धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना पड़ा था ।
